
मोदी, योगी के फैसलों को जमीन तक पहुंचाएंगे: डॉ.महेंद्र नाथ पांडेय
मोदी, योगी के फैसलों को जमीन तक पहुंचाएंगे: डॉ.महेंद्र नाथ पांडेयमेरे दो सूत्रीय कार्यक्रम हैं। एक तो जनता की सेवा निचले स्तर से हो और दूसरे जनता की कठिनाई ऊपर सरकार तक पहुंचे।लखनऊ (जेएनएन)। भाजपा के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि पार्टी को जिस बुलंदियों पर नेतृत्व ने पहुंचाया है उस बुलंदियों से भी आगे ले जाना है। भाजपा की मंजिल गरीबों की सेवा है। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के फैसलों को जमीन तक पहुंचाएंगे। सरकार और संगठन में सामंजस्य और समन्वय बनाएंगे।अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार सोमवार को राजधानी आए डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय भाजपा मुख्यालय में अपने स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे। कहा कि मेरे दो सूत्रीय कार्यक्रम हैं। एक तो जनता की सेवा निचले स्तर से हो और दूसरे जनता की कठिनाई ऊपर सरकार तक पहुंचे। जनता ने हमें बड़ा जनादेश दिया है लेकिन, सपा-बसपा जो करती रहीं अगर वही हम करेंगे तो ठीक नहीं है। कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि मन के अंदर संकल्प और संयम से काम लेना है।सत्ता में आने पर शिथिल नहीं पडऩा है क्योंकि शिथिल होने का प्रतिफल है कांग्रेस। आज कांग्रेस के पास लकदक दुपट्टे तो हैं लेकिन जमीन पर कार्यकर्ता नहीं हैं। 15 वर्षों तक सपा और बसपा ने प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग किया है। सत्ता आते ही ऐसे दल स्वार्थ पूर्ति में लग जाते हैं लेकिन दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा सार्वजनिक हित की बात करती है। कहा कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने लोक कल्याण संकल्प पत्र में जो तय किया उसे योगी सरकार पूरा कर रही है।पं. दीनदयाल के प्रण, पथ और लक्ष्य अंत्योदय के सिद्धांत को मूर्त रूप मिल रहा है। कार्यकर्ताओं से कहा कि हमारे पास आलस्य के लिए जगह नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पूर्व अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने आगे के लिए जो लक्ष्य तय किया है उसे पूरा करेंगे। उन्होंने निकाय चुनाव और आने वाले लोकसभा चुनाव में कीर्तिमान बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रियता की अपेक्षा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के प्रति आभार जताते हुए उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ हर गरीब को पहुंचाने का संकल्प दोहराया।उन्होंने कहा कि प्रशासनिक मशीनरी की मानीटरिंग निरंतर मुख्यमंत्री कर रहे हैं लेकिन संगठन भी सरकार की योजनाओं की निगरानी करेगा। कहा, अभी स्वर्ण काल आना बाकी है। इसके लिए हर कार्यकर्ता को मेहनत करनी होगी। मेरा स्वभाव समन्वय और सामंजस्य का है, संगठन के संस्कार का है इसलिए संगठन के कार्यक्रमों में एक इंच भी शिथिलता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने भाजपा और जनसंघ को स्थापित करने वाले नेताओं और उनके संघर्ष को याद किया और मुख्यमंत्री की सराहना की। कहा कि प्रधानमंत्री कर्म से योगी हैं और मुख्यमंत्री कर्म और संस्कार से योगी हैं। वैचारिक प्रतिबद्धता के प्रतीक हैं डॉ. महेंद्र : योगीमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नए भाजपा अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय विचारों के प्रति प्रतिबद्धता के प्रतीक हैं। अटल बिहारी वाजपेयी के एक कथन को याद करते हुए योगी ने कहा कि सिद्धांत विहीन राजनीति मौत का फंदा होती है और यह व्यक्ति और समाज को पूरी तरह नष्ट कर देती है। प्रधानमंत्री और भाजपा अध्यक्ष ने ऐसे व्यक्ति को उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष बनाया है जो सिद्धांतों की राजनीति करते हैं।योगी ने कहा कि सज्जनता में रहकर संघर्ष किया जा सकता है। पांडेय इसकी मिसाल हैं। उन्होंने संगठन और सरकार के कार्यों को लेकर आगे पहुंचाने के लक्ष्य में पूरी तरह का सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने केशव प्रसाद मौर्य के प्रति भी आभार जताया। कहा, बूथ के आधुनिक शिल्पी के रूप में शासन की योजनाओं को पहुंचाने का दायित्व है। योगी ने निकाय चुनाव और लोकसभा चुनाव के लिए मजबूत बूथ रचना की अपेक्षा की।सपा-बसपा मुक्त बूथ का संकल्प लेकर आगे बढ़ें : केशव निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पांडेय का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार संगठन के बल पर बनी है। संगठन बड़ा है और सरकार छोटी है। उप्र में 2019 के चुनाव में जिम्मेदारी बढ़ गई है। हमें 80 सीटें जीतनी हैं और इसके लिए सपा और बसपा मुक्त बूथ का संकल्प लेकर आगे बढऩा है। डॉ. पांडेय कार्यकर्ताओं की चिंता करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 2017 में 42 प्रतिशत मत हासिल किए और अब 60 प्रतिशत के लिए काम करना है। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया ने किया।कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह, विनय कटियार, डॉ. रमापति राम त्रिपाठी और सूर्य प्रताप शाही के अलावा पूर्व मंत्री लालजी टंडन, संगठन महामंत्री सुनील बंसल और सह प्रभारी सुनील ओझा भी मौजूद थे। पूर्व अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेई नहीं दिखे। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन के पदाधिकारी भी बड़ी संख्या में आए थे। By Ashish Mishra Let's block ads! (Why?)