
सेवा पथ ट्रस्ट प्रतिदिन 12 हजार निःशक्त व जरूरतमन्द को दे रहा भोजन के पैकेट
लखनऊ: सेवा पथ ट्रस्ट की ओर से कोविड - 19 लॉक डाउन की विषम परिस्थिति में संगठन के माध्यम से जिला प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सेवा को आगे बढ़ाया जा रहा है। राहत एवं आपदा विभाग, जिला अधिकारी कार्यालय, पुलिस आयुक्त कार्यालय लखनऊ एवं नगर निगम कार्यालयों में संस्था द्वारा सेवाएं दी जा रही हैं। इन सभी विभागों के साथ साथ सोशल मीडिया पर भी जानकारी प्राप्त होने पर भी जरूरतमंदों की भी मदद की जा रही है।
संगठन के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 12 हजार निःशक्त व जरूरतमन्द लोगों को भोजन के पैकेट बना कर वितरित किए जा रहे हैं। साथ ही रोड पर घूम रहे जानवरों की भी सेवा की जा रही है। इन सेवा प्रयासो के अंतर्गत लखनऊ पुलिस विभाग के सभी थानों व चौकियों में तीन हजार भोजन पैकेट भेज कर सेवा कार्य किया जा रहा है। संगठन द्वारा जारी हेल्प लाइन नंबर पर टीम 24 घंटे राहत सेवा हेतु सक्रिय है, यह राहत आपदा टीम जरूरत पड़ने पर रात के 12:00 बजे भी झुग्गियों में कार की लाइट जलाकर लोगों तक राहत पहुंचाने का कार्य कर रही है।
बंदी के कारण जहां दिहाड़ी मजदूर और निःशक्त जनों को पेट भर भोजन मिलने में दिक्कत हो रही है, तो इनके दुधमुंहे बच्चों की स्थिति और भी दयनीय हो गई है। ऐसे में संगठन के सेवादार साथी प्रतिदिन 100 लीटर शुद्ध दूध व 1000 पैकेट मट्ठे का वितरण किया जा रहा है एवं इस वृहद सेवा कार्य को समाज के सहयोग एवं समर्थन द्वारा आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस मुहिम में अब संस्था सेवापथ ट्रस्ट सैकड़ो लोगों तक कच्चा राशन जिसमें आटा, दाल, चावल, रिफाइंड, नमक, आलू आदि सामग्री वितरित कर रही है, ताकि जिनके पास भोजन बनाने की व्यस्था है, वो दोनों समय का भोजन बना सकें।
सगठंन द्वारा शहर में चार स्थानों को चिन्हित कर कम्यूनिटी किचन बनाए गए हैं जहां से लगभग 500 लोगों तक रोज भोजन सेवा की आपूर्ति की जा रही है। ऐसे ही 4 छोटे कम्यूनिटी किचन बना दिये गए हैं, इनमें मुख्य रूप से आशियाना लेबर कॉलोनी, त्रिवेणी नगर, अलीगंज का फतेहपुर गाँव, कल्याणपुर शामिल हैं।
जरूरत पड़ने पर संगठन इस तरह के और छोटे कम्यूनिटी किचन बनाने को संकल्पित है, जिससे इस मुश्किल समय में लोगों को राहत मिल सके।
सगठंन द्वारा पिछले कई वर्षों से शहर के विभिन्न अस्पतालों में निशक्त मरीजों के तीमारदारों के लिए निशुल्क भोजन सेवा की जा रही है, साथ ही शहर और उसके आस पास किसी भी तरह की आपदा आने पर पीड़ितों को राहत पहुंचाने का कार्य किया जाता रहा है। संगठन के इस पुनीत कार्य में आप भी सहयोग कर सकते हैं, जिससे अधिक से अधिक ज़रूरतमन्दों की मदद हो सके।
उक्त जानकारी सेवा पथ ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी- शुभम मौर्या ने दी है।
swatantrabharatnews.com