
Breaking News - शपथ ग्रहण समारोह - भगवाकरण का आरोप - अयोध्या और इलाहाबाद में पार्षदों का बहिष्कार
> पहली बार नगर निगम बना है अयोध्या-फैजाबाद
> शपथ ग्रहण कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ
> शपथ ग्रहण समारोह में कई साधु-संत भी मौजूद
अयोध्या.पहली बार नगर निगम बने अयोध्या-फैजाबाद में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कमिश्नर मनोज मिश्रा ने मेयर और सभी निर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह मौजूद थे। वहीं, सपा पार्षदों ने शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार किया है। सपा पार्षदों को कहना है-"बीजेपी शपथ ग्रहण समारोह का भगवाकरण कर रही है। शपथ ग्रहण कार्यक्रम फैजाबाद स्थित निगम कार्यालय में होना चाहिए जबकि बीजेपी ने अयोध्या के रामकथा पार्क में कार्यक्रम आयोजित किया है।"
पहली बार नगर निगम बना है अयोध्या-फैजाबाद
-अयोध्या-फैजाबाद 2017 में पहली बार नगर निगम बना है। यहां से बीजेपी के ऋषिकेश उपाध्याय ने सपा उम्मीदवार गुलशन बिंदु को हराया है। शपथ ग्रहण के लिए कार्यक्रम की तैयारी कर ली गई है।
-अयोध्या नगर निगम में मेयर ऋषिकेश उपाध्याय व 60 पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह पूरी भव्यता के साथ आयोजित किया गया है। जानकारी देते हुए बीजेपी के जिलाध्यक्ष अवधेश पांडे ने बताया- "अयोध्या के राम कथा पार्क में होने वाले इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहेंगे।"
इलाहाबाद में भी सपा पार्षदों ने किया विरोध
-इलाहाबाद में भी मेयर के शपथ ग्रहण का सपा के एक दर्जन और कई निर्दलीय पार्षदों ने कार्यक्रम का बहिष्कार करते हुए शपथ ग्रहण नहीं किया। इन पार्षदों ने सुभाष चौराहे पर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। विरोध कर रहे पार्षदों ने कहा- "ये शपथ ग्रहण कार्यक्रम नगर निगम में होना चाहिए लेकिन बीजेपी के लोग ये कार्यक्रम दूसरी जगह करा रहे हैं और कार्यक्रम में जो भाजपा का पार्षद नहीं हैं। उसके साथ खराब व्यवहार किया जा रहा है।"
(साभार: भास्कर)
सम्पादक - स्वतंत्र भारत न्यूज़
swatantrabharatnews.com