दिल्ली विधानसभा चुनाव: केजरीवाल नयी दिल्ली और सिसोदिया पटपड़गंज सीट से लड़ेंगे चुनाव - सभी 70 सीटों पर उम्मीदवारों की सूची घोषित
नयी दिल्ली: आम आदमी पार्टी ने अगले महीने होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की सूची मंगलवार को घोषित कर दी। सूची में 15 मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए गए हैं।
सूची के मुताबिक पार्टी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नयी दिल्ली सीट से और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को पटपड़गंज सीट से चुनाव मैदान में उतारा है।
पार्टी नेता आतिशी, राघव चड्ढा और दिलीप पांडे भी आठ फरवरी को होने वाला विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। इन तीनों ने 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ा था लेकिन वे हार गए थे।
आप की राजनीतिक मामलों की समिति ने कहा कि पांडे तिमारपुर से, आतिशी कालकाजी से और चड्ढा राजेंद्र नगर विधानसभी सीटों से चुनाव लड़ेंगे।
सिसोदिया ने कहा, "समिति ने चुनाव के लिए सभी 70 उम्मीदवारों के नाम मंजूर किए हैं।"
उप मुख्यमंत्री ने कहा, ".......आठ महिलाएं शामिल हैं। 2015 में छह महिलाएं थी।"
सूची की घोषणा के शीघ्र बाद केजरीवाल ने ट्वीट किया, "सभी को शुभकामनाएं। आत्ममुग्ध नहीं हों। कड़ी मेहनत करें। लोगों को आप (पार्टी) में और आपमें काफी विश्वास है। ईश्वर आशीर्वाद दें।"
मतगणना 11 फरवरी को होगी।
(साभार- भाषा)
swatantrabharatnews.com