15.jpg)
लखनऊ के इतिहास में जुड़ा एक और अध्याय, हजरतगंज चौराहे का नाम अब अटल चौक
- पूर्व प्रधानमंत्री की पहली पुण्यतिथि पर सीएम ने की सभी मंडलों में आवासीय विद्यालय खोले जाने की घोषणा।
- 25 दिसंबर को लोकभवन में होगा अटल की 25 फीट ऊंची प्रतिमा का लोकार्पण।
लखनऊ: प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की पहली पुण्यतिथि पर कई घोषणाएं हुईं। लोकभवन में शुक्रवार को आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री के नाम पर सभी मंडलों में आवासीय विद्यालय खोलने की बात कही। वहीं, महापौर संयुक्ता भाटिया ने हजरतगंज चौराहे का नाम अटल चौक रख दिया।
यहां बने ट्रैफिक बूथ पर अटल चौक भी लिख दिया गया। इसके साथ ही इस्माइलगंज में नगर निगम डिग्री कॉलेज का नाम भी अटल डिग्री कॉलेज रखा गया है। इसके अलावा लखनऊ विश्वविद्यालय (लविवि) में अटल सुशासन पीठ बनाई जाएगी।
लोकभवन में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का बहुआयामी व्यक्तित्व हमें आज भी प्रेरणा देता है। उन्होंने कभी अपने सिद्धांतों और आदर्शो से समझौता नहीं किया। योगी ने कहा कि 25 दिसंबर को अटल जी की जयंती पर लोकभवन में उनकी 25 फीट ऊंची प्रतिमा का लोकार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश के सभी 18 मंडलों में अटल के नाम पर श्रमिकों के बच्चों की पढ़ाई के लिए आवासीय विद्यालय खोले जाएंगे।
श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व परिवहन मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि अटल जी ने प्रधानमंत्री रहते हुए जवानों को शहीद का दर्जा देने के साथ ही उनके परिजनों को पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी आवंटित करने की व्यवस्था की। नेहरू से लेकर राजीव गांधी तक प्रधानमंत्री के रूप में यह सोच भी नहीं सके।
विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि अटलजी ने राजनीति को संस्कृति की तरह जिया व प्रेरित किया। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अटलजी के विचार आज भी हमें ऊर्जित करते हैं। कार्यक्रम का संचालन कर रहे उप मुख्यमंत्री डॉ• दिनेश शर्मा ने अटल से जुड़े संस्मरण साझा किए। इसके पहले विधानसभा अध्यक्ष व मुख्यमंत्री ने लोकभवन में अटल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। महापौर संयुक्ता भाटिया ने बताया कि हजरतगंज चौराहे का नामकरण अटल चौक करने के साथ ही एक शिलापट भी चौराहे के पास लगाया गया है। इसकी घोषणा पहले ही की गई थी।
अटल की स्मृति में कई योजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि अटल जी के नाम पर लखनऊ में चिकित्सा विश्वविद्यालय और बलरामपुर में केजीएमयू का सेटेलाइट सेंटर बन रहा है। अटल की स्मृति में डीएवी कॉलेज, कानपुर में सेंटर आफ एक्सीलेंस की स्थापना तथा उनके पैतृक गांव बटेश्वर (आगरा) में भव्य स्मारक बनाया जाएगा।
लोकभवन का बदलेगा नाम
मुख्यमंत्री के पुराने कार्यालय का नाम पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री के नाम पर है। अटल की जयंती पर लोकभवन में प्रतिमा स्थापना के साथ ही इसका नाम अटल भवन किया जा सकता है। इस बात के संकेत मिले हैं।
लविवि में बनेगी सुशासन पीठ
विशेष सचिव उच्च शिक्षा मनोज कुमार ने बताया कि लखनऊ विश्वविद्यालय (लविवि) में अटल सुशासन पीठ बनेगी। उच्च शिक्षा विभाग ने इसके लिए दो करोड़ रुपये की धनराशि जारी की है। पीठ में अटल से संबंधित विचारों पर अध्ययन, शोध और संगोष्ठी आदि का आयोजन किया जाएगा।
(साभार- जे.एन. एन.)
swatantrabharatnews.com