
पूर्व विधान परिषद सदस्य बाल रोग विशेषज्ञ डाक्टर वाई• डी• सिंह का निधन
मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया
संत कबीर नगर: पूर्व विधान परिषद सदस्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रख्यात बाल रोग विशेषज्ञ डाक्टर वाई• डी• सिंह शनिवार तड़के में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। डा• सिंह के निधन का समाचार सुनते ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के उनके समर्थकों व शुभचिंतकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है। सौम्य व मिलनसार व्यक्तित्व के धनी डाक्टर वाई• डी• सिंह गरीबों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते थे।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को तड़के में उन्हें हार्ट अटैक आया। जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व विधान परिषद सदस्य व सुप्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर वाई• डी• सिंह के आकस्मिक निधन पर गहरा दु:ख जताते हुए शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉक्टर वाई• डी• सिंह का जाना पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक लोकप्रिय जन नेता और ख्याति प्राप्त बाल रोग विशेषज्ञ को खोना है। यह एक अपूर्णीय क्षति है। वे बी•आर•डी• मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर के बाल रोग विभाग को एक नई ऊंचाई तक पहुंचाने के कार्य से लेकर कालेज के समग्र विकास के लिए बेहतर प्रयास करते रहते थे।
वे प्रदेश के सुप्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ के साथ एक लोकप्रिय जन नेता भी थे। उनका आकस्मिक निधन चिकित्सा सेवा और समाज सेवा की अपूर्णीय क्षति है। मैं दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करता हूं और शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।
(नवनीत मिश्र)
swatantrabharatnews.com