अनदेखी प्रतिभा विकास कार्यक्रम: जो आए - वो गाये का आयोजन चंडीगढ़ में 22 दिसम्बर को
नोएडा: प्रतिभा विकास समर्पित सामाजिक संस्था नवरत्न फाउंडेशन्स द्वारा एनसीआर की लगभग आधा दर्जन संस्थाओं के सहयोग से चल रहे अनदेखी प्रतिभा विकास कार्यक्रम "जो आये वो गाये" का आयोजन आगामी 22 दिसम्बर को चंडीगढ़ में किया जाएगा।
कायस्थ सभा चंडीगढ़ के सक्रिय सहयोग से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम से स्थानीय अनदेखी प्रतिभाएं लाभान्वित होंगी।
मालूम हो कि नवरत्न फाउंडेशन्स संस्थापक व अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव की अनदेखी प्रतिभाओ के विकास की परिकल्पना को मूर्त रूप देने के लिए "जो आये वो गाये" कार्यक्रम का आगाज नोएडा में किया गया। सामाजिक विकास की इस अनुकरणीय पहल में टीआरआई ग्रुप ऑफ म्यूजिक, आरोही, हारमोनी, स्पर्श, अग्रिम विद्यापीठ आदि संस्थाओं ने सक्रिय सहयोग कर इस पहल में रंग भर दिया।इस सीरीज का पहला आयोजन इतना लोकप्रिय हुआ कि क्षेत्रवासियों की मांग पर दूसरी सीरीज का आयोजन कर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र व उसके आसपास इलाके की प्रतिभाएं तराशी जा रही हैं। अनदेखी प्रतिभा विकास की यह जली अलख दिल्ली क्षेत्र से निकल कर जल्द ही चंडीगढ़ इलाके में पहुंचने वाली है।
मिली जानकारी के मुताबिक चंडीगढ़ से कायस्थ सभा चंडीगढ़ ने इस आयोजन को करवा कर वहाँ की प्रतिभाओ को तराशने की ठानी है।
वर्ष के अंत मे प्रस्तावित इस कार्यक्रम के आयोजन को लेकर चंडीगढ़ वासी बेहद उत्साहित हैं। चंडीगढ़ के सेक्टर 46 बी स्थित गोवरमेंट पीजी कालेज में आयोजित होने वाले इस प्रतिभा विकास कार्यक्रम में क्षेत्र की लगभग 30 अनदेखी प्रतिभाएं भाग लेंगी जिनका निःशुल्क पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। इस सुरमयी कार्यक्रम की शाम यादगार बनाने के लिए आयोजको ने नवरत्न अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव व कायस्थ सभा चंडीगढ़ अध्यक्ष मनीष निगम के निर्देशन में आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी है।
अनिल कुमार श्रीवास्तव, संवाददाता
swatantrabharatnews.com